
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के देवनगर न्यू बाराद्वारी में एक चौंकाने वाली घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। 19 अगस्त को दिनदहाड़े एक युवक ने युवती के साथ अश्लील हरकत की और घंटों तक उसे प्रताड़ित करता रहा। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने सुबह करीब साढ़े आठ बजे से दोपहर 3:10 बजे तक युवती को जबरन परेशान किया। पीड़िता पश्चिम बंगाल के माठपाड़ा की रहने वाली है और इन दिनों अपने परिजनों संग बाराद्वारी में किराए के मकान में रह रही है। घटना की शिकायत दर्ज होने पर पुलिस ने आरोपी रवींद्र मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इसी थाना क्षेत्र में पहले भी आपराधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में घोड़ाबांधा निवासी प्रवीण सिंह के साथ मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने न्यू सीतारामडेरा स्थित अंजलि अपार्टमेंट के रहने वाले राहुल मूनका और कनिका मूनका को आरोपी बनाया है। दोनों पर प्रवीण सिंह के साथ गाली-गलौज और हाथापाई करने का आरोप है। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
उधर, उलीडीह थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। डिमना रोड स्थित सविता अपार्टमेंट निवासी रंजीत सिंह ने गोलमुरी टाटा लाइन निवासी हरविंदर सिंह पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। बताया गया है कि दोनों के बीच आर्थिक लेन-देन से जुड़ा विवाद हुआ था। इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और अब इसकी जांच की जा रही है।
लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटनाएं पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती हैं। इधर, पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि सभी मामलों की गहराई से छानबीन की जा रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

