
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर 11 स्थित गणेश मंदिर के पास से कृष्णा महतो नामक युवक का अपहरण कर लिया गया है। कृष्णा महतो बिरसानगर जोन नंबर 11 रोड नंबर 4 का रहने वाला है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में दहशत का माहौल है।
कृष्णा के बड़े भाई प्रकाश महतो ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके छोटे भाई को योजनाबद्ध तरीके से उठाया गया है और उन्हें आशंका है कि हत्या की नीयत से ही अपहरण की घटना को अंजाम दिया गया है। प्रकाश महतो के आवेदन पर पुलिस ने जोन नंबर 11 गणेश मंदिर के पास रहने वाले राजेश महतो और जोन नंबर 9 शिव मिलन होटल के पास रहने वाले मुकेश मुर्मू को नामजद आरोपी बनाया है। बताया जाता है कि दोनों आरोपी अपहृत युवक के चाचा लगते हैं।
जानकारी के मुताबिक यह घटना 12 अगस्त को हुई थी। शुरू में परिवार वालों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी कृष्णा का कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच परिजनों को कृष्णा की गाड़ी आरोपियों के घर के पास से बरामद मिली। इसके बाद संदेह और गहरा गया कि कृष्णा को इन्हीं लोगों ने गायब किया है। साथ ही आरोपी भी घर से फरार हो गए हैं, जिससे पुलिस की शंका और मजबूत हुई।
प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने अपहृत युवक की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया है। कई संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापामारी की जा रही है। राजेश महतो और मुकेश मुर्मू दोनों अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपियों के पकड़े जाने के बाद इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।
बिरसानगर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अपहृत युवक की सुरक्षित बरामदगी फिलहाल उनकी पहली प्राथमिकता है। वहीं, अपहरण की इस घटना से क्षेत्र के लोग डरे-सहमे हैं और तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना थाने को दें।

