
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू स्थित सुभाष स्कूल के पास शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे घरेलू विवाद ने एक भयावह मोड़ ले लिया। जानकारी के अनुसार 70 वर्षीय महिला ने बहू से हुए झगड़े के बाद गुस्से में आकर खुद पर मिट्टी का तेल उड़ेलकर आत्मदाह कर लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज आई। शोर सुनते ही आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तो देखा कि वृद्धा पूरी तरह से आग में झुलस चुकी थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बाद भी परिवार की ओर से उसे अस्पताल ले जाने की कोई कोशिश नहीं की गई, जबकि उस समय घर में मृतका का बेटा और बहू मौजूद थे। इस पर मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई लोग इसे घरेलू कलह का नतीजा मान रहे हैं तो वहीं कुछ लोग राजनीतिक रंग दिए जाने की बात भी कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर का निरीक्षण किया, मृतका के बेटे-बहू से पूछताछ की और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच जारी है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुँचना जल्दबाज़ी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और परिस्थितियों पर स्पष्टता मिल सकेगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतका और बहू के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी। कई बार मोहल्ले के लोगों को भी बीच-बचाव करना पड़ता था। फिलहाल इस घटना से इलाके में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

