
उदित वाणी, जमशेदपुर : संगठन सृजन अभियान को गति प्रदान करने के उद्देश्य से आगामी एक सितंबर को एशिया भवन, आदित्यपुर के सभागार में सरायकेला_खरसावां जिला कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक आहूत की गई है. बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त ऑब्ज़र्वर विश्वरंजन मोहंती, पीसीसी ऑब्ज़र्वर, यशश्विनी सहाय, रामाश्रय प्रसाद तथा मंजूर अंसारी प्रमुख रुप से उपस्थित रहेंगे. एआईसीसी ऑब्ज़र्वर विश्वरंजन मोहंती रेल मार्ग से एक सितंबर को प्रातः 7 बजे टाटानगर स्टेशन पहुँचेंगे एवं अगले दस दिनों तक सरायकेला_खरसावां जिला में प्रवास करेंगे. मोहंती एवं पीसीसी द्वारा नियुक्त ऑब्ज़र्वर एक सितंबर से दस सितंबर के मध्य जिला के सभी प्रखंडों का भ्रमण करेंगे एवं संगठन सृजन अभियान के तहत जिला समिति के गठन को लेकर प्रखंड अध्यक्षों से बातचीत कर उनके सुझाव लेंगे. कांग्रेस जिलाध्यक्ष अम्बुज कुमार एवं जिला ऑब्ज़र्वर रामाश्रय प्रसाद ने जिला के सभी कांग्रेसजनों प्रखंड नगर मंडल अध्यक्ष गणों से एक सितंबर को एशिया भवन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है.

