
उदित वाणी, जमशेदपुर: आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 9 क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कार्यालय पर तालाबंदी और धरना दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने छह महीने पूर्व उन पर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन अभी तक उन्हें मीटर सहित नियमित बिजली कनेक्शन नहीं दिया गया है।
ग्रामीणों ने विभाग के कुछ कर्मचारियों पर साजिश रचने का आरोप लगाया और कहा कि जानबूझकर आदिवासी बहुल क्षेत्र के लोगों को परेशान किया जा रहा है। गुस्साए ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया गया और दर्ज मुकदमों को वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने अपना आधार कार्ड विभाग के कर्मचारियों को सौंप दिया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कनेक्शन नहीं दिया गया। उल्टे हाल ही में विभाग ने दोबारा उनके ऊपर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कर दिया, जिससे बस्ती के लोग आक्रोशित हैं।
ग्रामीणों ने आज अचानक आदित्यपुर थाना के पीछे स्थित बिजली विभाग के कार्यालय परिसर पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। इस दौरान नाराज ग्रामीणों ने कार्यालय के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर दी और सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों की भीड़ गेट पर घंटों बैठी रही, जिससे कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

