
उदित वाणी, जमशेदपुर: थाना क्षेत्र में हुए शम्भू महतो पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सालडीह बस्ती निवासी आकाश सिंह सरदार को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा, गोली का प्लेट और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की।
तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर आकाश सिंह सरदार को दबोचा। छापेमारी दल में एसडीपीओ समीर कुमार सवैया, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

