
उदित वाणी, चांडिल: दिनांक 04 अगस्त की मध्य रात्रि को चांडिल अनुमंडल अंतर्गत ग्राम झिमडी रेलवे स्टेशन के समीप अवैध रूप से खनन कर लाए जा रहे पत्थर से लदे एक ट्रक और एक जेसीबी मशीन को जब्त किया गया। छापेमारी की यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें ट्रक में करीब 200 CFT सफेद पत्थर लोड पाया गया।
कार्रवाई के दौरान मौके से JCB मशीन भी बरामद की गई, जिसका प्रयोग खनन और लोडिंग कार्य में किया जा रहा था। फिलहाल दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इस संबंध में संबंधित विभाग को भी सूचित कर आगे की कानूनी प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि क्षेत्र में अवैध खनन और पत्थर के अवैध व्यापार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही आमजन से भी अपील की गई है कि यदि किसी को इस तरह की गतिविधियों की जानकारी हो तो प्रशासन को अवश्य सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। हालांकि झिमडी स्टेशन के समीप हो रहे अवैध खनन की जानकारी पुलिस प्रशासन को स्थानीय ग्रामीणों ने ही दी थी।

