
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो उलीडीह डिमना बस्ती में खुलेआम चल रहे मोबाइल डेली लॉटरी और अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ मोहल्ले की महिलाएं बुधवार को गोलबंद हो गईं. बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष उलीडीह थाने पहुंचे और सामूहिक रूप से थानेदार को लिखित शिकायत सौंपी.
स्थानीय महिलाओं ने बताया कि मोबाइल लॉटरी और शराब के अवैध कारोबार ने बस्ती का माहौल बिगाड़ दिया है. स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि नशे के चक्कर में युवक घरों से सरकारी जन वितरण प्रणाली का चावल-गेहूं तक बेच दे रहे हैं. महिलाओं ने कहा कि धीरे-धीरे लोग दाने-दाने को मोहताज होते जा रहे हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि इस अवैध कारोबार के कारण चोरी, छिनतई, आत्महत्या और आपसी विवाद जैसी घटनाएं बढ़ गई हैं. कई बार इसकी शिकायत टाइगर मोबाइल और पीसीआर गाड़ियों को दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. उलटे कारोबार दिन-प्रतिदिन और फैलता जा रहा है.
बस्ती की महिलाओं ने साफ कहा कि अगर प्रशासन ने समय रहते कदम नहीं उठाए तो वे स्वयं अभियान चलाकर इन अड्डों को ध्वस्त करेंगी. मौके पर मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता विकास सिंह ने भी महिलाओं का समर्थन करते हुए कहा कि अब इस अवैध धंधे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई छेड़ी जाएगी.
शिकायत मिलने पर उलीडीह थानेदार ने भरोसा दिलाया कि हर हाल में इस अवैध कारोबार पर रोक लगाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी. शिकायत दर्ज कराने के दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग थाने परिसर में मौजूद थे.

