
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के केवल बस्ती की रहने वाली 16 वर्षीय मीनाक्षी कुमारी पांडे की लापता होने के तीन दिन बाद पहचान हो गई है। मीनाक्षी, संतोष कुमार पांडे की पुत्री थी, जो टाटा स्टील में ठेकेदार के अधीन काम करते हैं। मीनाक्षी काशी डी हाई स्कूल में कक्षा 10 की छात्रा थी और पढ़ाई में होनहार बताई जाती थी।
जानकारी के अनुसार, 7 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे मीनाक्षी घर से यह कहकर निकली थी कि वह स्कूल जा रही है। परिवार के मुताबिक, वह रोज की तरह यूनिफॉर्म में निकली थी, लेकिन उस दिन शाम तक वापस नहीं लौटी। पहले तो परिजनों ने उसे मोहल्ले और परिचितों के यहां खोजा, लेकिन कहीं पता नहीं चला। देर शाम तक कोई सुराग न मिलने पर उसके पिता ने गोलमुरी थाना में मिसिंग कंप्लेंट दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की थी और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन जारी थी। इसी बीच, शनिवार को सूचना मिली कि एक अज्ञात शव बरामद हुआ है। पहचान की प्रक्रिया के बाद शव को मीनाक्षी का होने की पुष्टि हुई। खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और मोहल्ले में मातम छा गया।
गोलमुरी थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मामले में अपहरण, हत्या और अन्य आपराधिक एंगल से जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मीनाक्षी के अंतिम बार देखे जाने वाले स्थान की जानकारी जुटाई जा रही है।
परिजनों का कहना है कि मीनाक्षी का स्वभाव मिलनसार था और वह किसी से विवाद नहीं करती थी। घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा और इसके पीछे शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, मीनाक्षी की असमय मौत से केवल बस्ती सहित पूरे गोलमुरी इलाके में शोक की लहर है।

