
उदित वाणी, रांची: टाटा वर्कर्स यूनियन नोवामुंडी डिवीजन के महासचिव जी तुलास्यान रेड्डी के नेतृत्व में शनिवार को चक्रधरपुर के सैंकड़ों नेताओं ने आजसू पार्टी का दामन थामा.
पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो की अध्यक्षता में इनके साथ ही हरमू रांची स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में गिरिजा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक सह युवा नेता स्नेह नमन समेत रामगढ़ के भी सैकड़ों लोग आजसू पार्टी में शामिल हुए.
जी तुलास्यान रेड्डी का स्वागत व अभिनंदन करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि आज शैक्षणिक और श्रमिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के समागम से पार्टी को बल मिलेगा. आजसू पार्टी आम आवाम के हितों की रक्षा के लिए हमेशा से संघर्षरत रही है.
उन्होंने कहा कि राज्य में विस्थापन की समस्या बड़ी ह. दशकों से राज्य के विस्थापित हक हुकूक के लिए संघर्ष कर रहे हैं. वहीं सुदेश ने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि झारखंड की वर्तमान तस्वीर भविष्य के लिए ख़तरनाक संकेत है.
राज्य में चौतरफा अराजकता का माहौल है. राज्य में जनादेश छला गया है. अब चुप बैठने का समय नहीं है. निकम्मी हुकूमत की आंखों में आंखे डालकर हिसाब लेने का समय आ चुका है. झारखंड की बड़ी आबादी के हितों के लिए हमने वही सवाल उठाया है. जिन्हें पूरे करने के वादे पर वर्तमान हुकूमत राज कर रही है.
आजसू का दामन थामते हुए जी टी रेड्डी ने कहा कि आज राज्य में श्रमिकों की स्थिति बदतर है. मेहनतकश मजदूरों की आवाज को अनसुना कर दिया जा रहा है. उन्हें समय पर वेतन भी नहीं मिल रहा है.
इन लोगों ने ली सदस्यता
रेड्डी के नेतृत्व में अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष सुधीर करवा, पूर्व प्रत्याशी जिला परिषद सदस्य विनीता लोमगा, पूर्णिमा सामंता, सुमन तांती, अंजू गगराई, आसमां खातून, नसीमा खातून, रानी खंडाईते, चंद्र मोहन केराई, हरिचरण केराई, विपीन तिरिया, सनातन मुडुईया, मंगल सिंह वोवोंगा, जुरिया वोवोंगा, एतवारी सांडील, रायमानी लागुरी, सुनीता लागुरी, मेजो पिगुवा, तुलसी लागुरी, रायबारी सांडिल समेत चक्रधरपुर एवं रामगढ़ के सैंकड़ों लोगों ने सदस्यता ली.
मिलन समारोह में मुख्य रूप से आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव रोशन लाल चौधरी, केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डा देवशरण भगत, केंद्रीय सचिव सुशील महतो, सिद्धार्थ महतो एवं लाडले खान व पश्चिमी सिंहभूम जिलाध्यक्ष रामलाल मुंडा समेत रामगढ़ जिले के नेता मौजूद थे.

