
उदित वाणी, जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मित्तल, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी और अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने 30 जनवरी (शहीद दिवस) को दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर सभी ने स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहूति देने वाले वीर शहीदों को याद किया.
कृतज्ञता और एकता का संदेश
जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने कहा कि यह दिन हमारे लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का है. हमें उनके आदर्शों को आत्मसात कर देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने की आवश्यकता है.
अन्य संस्थानों में शहीदों का स्मरण
राज्य सरकार के निर्देशानुसार, जिला स्तरीय, अनुमंडल स्तरीय और प्रखंड/अंचल के कार्यालयों में भी शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया. इसके साथ ही, सभी शैक्षणिक संस्थानों, कौशल विकास केंद्रों और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय एकता के विषय पर वार्ताएं और भाषण आयोजित किए गए. सार्वजनिक उपक्रमों और निजी कंपनियों में भी शहीदों की याद में मौन रखा गया.

