
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर में हिन्दू उत्सव समिति द्वारा आयोजित नववर्ष यात्रा के सफल आयोजन के बाद शुक्रवार को एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में यात्रा संचालन समिति के सदस्य और आयोजन में सक्रिय रहे कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित हुए. सभी ने अपने-अपने सुझाव साझा किए और यात्रा को और बेहतर बनाने पर चर्चा की.
पहले से अधिक उमड़ी भीड़, डिमना से निकली भव्य यात्रा
बैठक में बताया गया कि डिमना ट्रांसपोर्ट नगर मैदान से निकली इस वर्ष की यात्रा में पिछले वर्ष की तुलना में कहीं अधिक संख्या में सनातनी शामिल हुए. आयोजन को भव्य और अनुशासित बताते हुए वक्ताओं ने इसे ऐतिहासिक बताया.
विधायक सरयू राय की मौजूदगी में निकली सुव्यवस्थित यात्रा
यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में सरयू राय की उपस्थिति रही. उनके मार्गदर्शन में यात्रा सुव्यवस्थित और संयमित तरीके से निकाली गई. आयोजन में लाखों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. आकर्षक झांकियां, डंका और आधुनिक डीजे की धुन पर रामभक्त झूमते नजर आए.
आयोजन की सफलता पर सभी का जताया आभार
समीक्षा बैठक में उपस्थित सदस्यों ने नववर्ष यात्रा को सफल बनाने के लिए शामिल हुए सभी श्रद्धालुओं का आभार प्रकट किया. साथ ही प्रशासन और मीडिया के सहयोग की भी सराहना की गई. यह यात्रा हिन्दू उत्सव समिति, हिन्दू जनजागरण मंच, श्रीराम राज और भगवा टीम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई थी.
असामाजिक तत्वों के व्यवहार की निंदा
बैठक में कुछ व्यक्तियों के कथित असामाजिक व्यवहार पर भी चर्चा हुई. बताया गया कि एक अन्य समूह द्वारा निकाली जा रही तथाकथित यात्रा में शामिल कुछ लोग नशे की हालत में दिखे और मुख्य यात्रा में शामिल लोगों के साथ अमर्यादित व्यवहार किया. ऐसे लोगों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे हुड़दंग पर उतर आए. बाद में लोगों के विरोध के बाद उन्हें पीछे हटना पड़ा.
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
बैठक में प्रशासन से मांग की गई कि इस प्रकार के असामाजिक और अमर्यादित तत्वों के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेते हुए कानूनी कार्रवाई की जाए. साथ ही भविष्य में इस तरह के आयोजनों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए समय निर्धारण और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की अपील की गई.
ये लोग रहे उपस्थित
बैठक में भाजपा नेता नीरज सिंह, शंकर रेड्डी, धर्मेंद्र प्रसाद, नित्यानंद सिन्हा, पवन सिंह, हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश, विनोद राय, हिन्दू जनजागरण मंच के प्रमुख अमित शर्मा, पप्पू, राजेश सिंह, हेमंत पाठक, सतीश सिंह, रविंद्र सिसोदिया, शुभम विश्वकर्मा, प्रिंस राम, शक्ति प्रामाणिक, प्रवीण सिंह, अभिजीत ठाकुर, संजय शर्मा, शुभम राज समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

