
उदित वाणी जमशेदपुर: केन्द्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की एक बैठक आज मुख्य संरक्षक अभय सिंह के निर्देश पर तुलसी भवन, बिस्टुपुर में आयोजित की गई. बैठक का नेतृत्व केन्द्रीय अध्यक्ष अरुण सिंह ने किया तथा मंच संचालन महासचिव प्रवीण सेठी ने किया.
बैठक में जमशेदपुर केन्द्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति के कोर ग्रुप के सभी सदस्य शामिल हुए. इस बैठक में निर्णय लिया गया कि हिन्दू नववर्ष की पूर्व संध्या यानी 18 मार्च को हिन्दू नववर्ष यात्रा तथा 28 मार्च को रामनवमी शोभा यात्रा सह विसर्जन का आयोजन किया जाएगा.
सोनारी विसर्जन को लेकर चिंता, युवाओं की भूमिका पर जोर
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन त्रिवेदी ने कहा कि जमशेदपुर के युवा वर्ग को रामनवमी महोत्सव में अग्रिम भूमिका निभाने की आवश्यकता है. केन्द्रीय समिति के संरक्षक पन्ना सिंह जंघेल जी ने कहा कि सोनारी में विसर्जन देर रात तक न हो, इसके लिए केन्द्रीय समिति को सोनारी की सभी समितियों के साथ एक बैठक करनी चाहिए. सोनारी के अशोक जैन ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि जिला परिषद रामनवमी के निकट समय पर कोई बैठक न रखे, थोड़ा पहले बैठक कर ले तथा जरूरत से अधिक कागजात संबंधी परेशानी न करे.
कदमा में डिलीवरी बॉयज से अतिक्रमण की समस्या
कदमा संकट मोचन हनुमान अखाड़ा से उत्तम कुमार दास ने बताया कि कदमा उलियान मोड़ में स्थापित हनुमान मंदिर के पास रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट के सैकड़ों ऑनलाइन डिलीवरी बॉयज के बाइक से मंदिर तथा आसपास की सड़क पर अतिक्रमण हो रहा है, जिससे हिंसा की घटना हो सकती है. इस पर बड़ी घटना होने से पहले जल्द कार्रवाई हो.
केन्द्रीय अध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि- ‘जमशेदपुर के सभी रामनवमी अखाड़ा समितियों को एक सूत्र में पिरोकर केन्द्रीय समिति को जमशेदपुर में सशक्त संगठन बनाने में सभी के योगदान एवं सहयोग के कारण ही यह संभव हो पाया है. आने वाले समय में केन्द्रीय समिति का और विस्तार किया जाएगा.’ जमशेदपुर केन्द्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति को विश्व हिन्दू परिषद जमशेदपुर महानगर के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने अपना सहयोग देने की बात कही.
उपस्थित प्रमुख सदस्य
बैठक में जमशेदपुर केंद्रीय रामनवमी समिति के संरक्षक सुमन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष दिलजय बोस, सचिव विजय तिवारी, सह सचिव उत्तम कुमार दास, जीतेंद्र प्रमाणिक, बजरंग दल संयोजक चंदन दास, जटाधारी शिव हनुमान मंदिर के उमेश सिंह, गोविंदपुर से धीरज सिंह, जम्बू अखाड़ा से रणवीर मंडल, टेल्को से ओम प्रकाश, पारडीह से संजय मुखर्जी, बिष्टुपुर से विश्वनाथ तथा अन्य कई अखाड़ों के माननीय सदस्यगण उपस्थित रहे.
मुख्य निर्णय
• हिन्दू नववर्ष की पूर्व संध्या यानी 18 मार्च को हिन्दू नववर्ष यात्रा का आयोजन होगा
• 28 मार्च को रामनवमी शोभा यात्रा सह विसर्जन निकाला जाएगा

