
उदित वाणी,रांची: लातेहार सिविल कोर्ट में टाना भगतों द्वारा सोमवार को चार घंटे तक घेराव व प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ करने के मामले में मुख्य न्यायाधीश जस्टिस डा रवि रंजन व जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की खंडपीठ ने स्वतः संज्ञान लिया और घटना पर नाराजगी जताते हुए राज्य के मुख्य सचिव व डीजीपी को तलब किया. जिसके बाद मंगलवार को मुख्य सचिव व डीजीपी खंडपीठ के समक्ष हाजिर हुए. खंडपीठ ने दोनों अधिकारियों से इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया. वहीं खंडपीठ ने मौखिक रूप से टिप्पणी करते हुए कहा कि किसी कोर्ट परिसर में इतनी बड़ी घटना हुई. इसका मतलब है कि पुलिस का खुफिया तंत्र फेल है. जबकि राज्य सरकार की ओर से उपस्थित महाधिवक्ता राजीव रंजन ने अदालत को बताया कि सरकार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए कोर्ट परिसरों में सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम करने का निर्देश दिया है.
