
उदित वाणी, जमशेदपुर: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने झारखंड के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण राज्य में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, विशेष रूप से पूर्वी सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा, रांची, सरायकेला खरसावां और सिमडेगा जैसे दक्षिणी और मध्य झारखंड के जिलों में 100 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है।
रांची मौसम केंद्र ने बुधवार दोपहर सरायकेला खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और खूंटी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया, जबकि शाम तक सिमडेगा में भी अलर्ट की घोषणा की गई। पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
मौसम वैज्ञानिक बाबूलाल ने चेतावनी दी है कि अगले चार दिनों तक वज्रपात का खतरा बना रहेगा, भले ही बारिश की तीव्रता कम हो। किसानों और आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की जानकारी लेकर ही खेतों में काम शुरू करें।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना यह दबाव गंभीर रूप ले सकता है, जिससे बारिश की मात्रा और तीव्रता में वृद्धि हो सकती है। मंगलवार को लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस और सरायकेला खरसावां में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री दर्ज किया गया।
राज्य में सबसे ज्यादा बारिश धनबाद में हुई, जहां 102.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

