
उदित वाणी, जमशेदपुर: झारखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है, और मौसम विभाग ने अगले 6 दिनों के लिए भारी बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है।
20 अगस्त को राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी और गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है, हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 21 अगस्त को उत्तर-पूर्वी झारखंड और मध्य क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी/घंटा तक हो सकती है।
22 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी झारखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट और उत्तर-मध्य व मध्य क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, इन क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। 23 अगस्त को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में भारी वर्षा और तेज हवाओं की चेतावनी है, कई इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना है।
24 और 25 अगस्त को बारिश का दौर जारी रहेगा, उत्तरी झारखंड में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है, येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने, बिजली गिरने वाले क्षेत्रों में खुले स्थानों में जाने से बचने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

