
* अंतिम यात्रा में यूनियन समेत राजनीति और सामाजिक क्षेत्र के लोग शामिल हुए
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते और तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधन कमेटी के महासचिव और सीजीपीसी के पूर्व प्रधान सरदार इन्द्रजीत सिंह की मां 86 वर्षीया बीवी प्रकाश कौर का निधन टाटा मोटर्स हॉस्पिटल में शुक्रवार देर रात हो गया. स्वर्गीय कौर स्त्री सत्संग सभा की प्रधान रही है. अपने पीछे तीन बेटे और तीन बेटियों का भरा पूरा परिवार छोड़ गई है. बड़ा बेटा इन्द्रजीत सिंह ने मुखाग्नि दी. उनके दो अन्य बेटों में गुरमीत सिंह तोते और बलबीर सिंह है. उनकी अन्त्येष्टि शनिवार शाम को भूइंयाडीह बर्निंग घाट पर की गई.
अंतिम यात्रा में शहर के कारपोरेट, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र के लोगों ने अंतिम यात्रा में शामिल होकर शोक संतप्त परिवार को सान्त्वना दी. दोपहर एक बजे स्वर्गीय प्रकाश कौर का शव टाटा मोटर्स हॉस्पिटल से टेल्को स्थित आवास पर लाया. वहां स्नान कराने के बाद टेल्को गुरूद्वारा ले जाया गया, जहां अरदास हुआ. उसके बाद भूइंयाडीह बर्निंग घाट के लिए अंतिम यात्रा निकली. मौके पर भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले, सेंट्रल गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान रहे शैलेन्द्र सिंह, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष चन्द्रभान सिंह, यूनियन नेता बच्चा सिंह, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अनिल शर्मा, यूनियन पदाधिकारी सैनी समेत काफी संख्या में यूनियन के पदाधिकारी और कमेटी मेंबर्स मौजूद थे. साथ ही मजदूर नेता राकेश्वर पांडेय, टेल्को वर्कर्स यूनियन के पूर्व प्रवक्ता संतोष सिंह समेत शहर के सभी गुरूद्वारों के अध्यक्ष और महासचिव मौजूद थे.

