
उदित वाणी, जमशेदपुर: penAI ने अपना अब तक का सबसे एडवांस्ड AI मॉडल GPT-5 लॉन्च कर दिया है, जो GPT-4 और GPT-4o की तुलना में कहीं अधिक तेज़, समझदार और सटीक है। यह नया मॉडल न केवल टेक्स्ट को बेहतर तरीके से समझता है, बल्कि अब तस्वीरें और आवाज़ पर भी जवाब देने में सक्षम हो गया है। इसमें सुधार की सबसे खास बात यह है कि यह अपने जवाबों में पहले से बहुत कम गलतियां करता है और उपयोगकर्ता की ज़रूरत के हिसाब से या तो संक्षेप में या गहराई से समझाकर उत्तर दे सकता है।
GPT-5 अब कोडिंग और लेखन में पहले से कहीं ज़्यादा सक्षम हो चुका है। कोई यूज़र यदि कोडिंग नहीं भी जानता हो, तो भी यह छोटे गेम्स से लेकर बड़ी रिपोर्ट्स तक आसानी से तैयार कर सकता है। हेल्थ से जुड़े सवालों को भी यह बेहतर ढंग से समझता है, हालांकि यह किसी डॉक्टर का विकल्प नहीं है।
इसके साथ ही GPT-5 का एक और पावरफुल वर्जन GPT-5 Pro भी लॉन्च किया गया है, जिसे खासतौर पर साइंस, मैथ, लॉजिक और हेल्थ जैसे कठिन विषयों के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह संस्करण और भी ज्यादा गहराई से सोचकर, विश्लेषण के साथ उत्तर देने में सक्षम है।
GPT-5 अब GPT-4o की तुलना में लगभग 45% कम फैक्ट्स की गलती करता है और पुराने O3 मॉडल से लगभग 80% ज्यादा सटीक है। यह लंबे और कठिन सवालों के जवाब भी बहुत तेजी से और सही तरीके से देने में सक्षम है।
अब GPT-5, ChatGPT का डिफ़ॉल्ट मॉडल बन चुका है, जिसे Free, Plus और Pro तीनों यूज़र्स इस्तेमाल कर सकते हैं। Free यूज़र्स को इसकी सीमित सुविधा दी जाएगी, जो समय के साथ धीरे-धीरे बढ़ेगी। Plus यूज़र्स को ज़्यादा एक्सेस मिलेगा, जबकि Pro यूज़र्स को GPT-5 और GPT-5 Pro दोनों का पूरा एक्सेस दिया जाएगा। जो लोग चाहते हैं कि AI सोच-समझकर और गहराई से जवाब दे, वे प्रॉम्प्ट में “Think hard about this” लिख सकते हैं या Thinking Mode का उपयोग कर सकते हैं।
OpenAI ने GPT-5 के साथ सेफ्टी पर भी विशेष ध्यान दिया है। इसमें मल्टी-लेयर सेफ्टी सिस्टम है जो संवेदनशील और खतरनाक जानकारियों के दुरुपयोग को रोकने के लिए बनाया गया है। यह AI अब केवल स्मार्ट नहीं, बल्कि ज़िम्मेदार भी है।
GPT-5 को आने वाले एक सप्ताह में स्कूलों, कॉलेजों और कंपनियों जैसी बड़ी संस्थाओं के लिए भी उपलब्ध कराया जाएगा।

