
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अपना आंगन सोसाइटी में वृद्ध महिला रीता दत्ता से हुई पर्स छिनतई के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. पुलिस ने आरोपी की पहचान बिरसानगर निवासी त्रिलोक कुमार (23) के रूप में की है. उसके पास से छिनतई में इस्तेमाल की गई बाइक, मोबाइल फोन, लेडिज पर्स, 40,100 रुपये नकद, रीता दत्ता का आधार और वोटर कार्ड बरामद किया गया है.
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी त्रिलोक ने पीड़िता का बैंक ऑफ इंडिया टेल्को शाखा से ही पीछा करना शुरू कर दिया था. जैसे ही रीता दत्ता का ऑटो अपना आंगन सोसाइटी के पीछे धीमा हुआ, आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर झपट्टा मार पर्स छीन लिया और फरार हो गया. पीड़िता ने बताया कि पर्स में 52 हजार रुपये नकद, वोटर आईडी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासबुक, चेक बुक और मोबाइल फोन था.
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी ने विशेष टीम गठित की. सिटी एसपी और डीएसपी के नेतृत्व में तातापाथर चौक के पास छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा गया. पुलिस ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद जंगल की ओर बाइक से घूम रहा था. पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया है. फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस की सतर्कता और शहर में बढ़ती छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने की प्रतिबद्धता साफ झलकती है.

