
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंद विद्यालय, तामुलिया में दिनांक [08/11/2025] को विद्यालय के प्रांगण में 44वां वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह रंगारंग कार्यक्रमों के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ. हर वर्ष की तरह इस बार भी विद्यालय के शैक्षिक स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिसके लिए अभिभावक और छात्रगण उत्साहपूर्वक उपस्थित हुए.
पुरस्कार वितरण के साथ-साथ विद्यार्थियों ने आकर्षक गीत-संगीत, नृत्य एवं रूपक प्रस्तुत कर समारोह में मनोरंजन और उल्लास का माहौल बनाया. अतिथियों, अभिभावकों और दर्शकों ने इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद उठाया.

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मतिनुल हक़ अंसारी (अध्यक्ष मानव कल्याण ट्रस्ट), श्री राजीव रंजन एवं श्री सुशील कुमार सिंह (पेटी ऑफिसर, भारतीय नौसेना), श्री हरेंद्र सिंह (मुखिया प्रतिनिधि), डॉ. हसन एवं डॉ. समीना अली (चिकित्सा अधिकारी, ब्रह्मानंद नारायण मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, जमशेदपुर), शाकिर अज़ीमाबादी (संपादक, उर्दू समाचार पत्र, जमशेदपुर), मुख्तार आलम खान (सचिव मानव कल्याण ट्रस्ट), शेख बदरुद्दीन एवं नूरुज्जमां खान (सामाजिक कार्यकर्ता), रंजित कुमार सिंह (थाना प्रभारी), विद्यालय के निदेशक डॉ. बी. डी. शर्मा, सचिव अभिषेक शर्मा एवं प्राचार्या सुश्री कृष्णा मोदक ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.
हेड ऑफ एच.ओ.डी. नौशाद रजिया, सीनियर कोऑर्डिनेटर हरविंदर कौर, जूनियर कोऑर्डिनेटर शबाना परवीन, जनसंपर्क अधिकारी श्री राजेश शर्मा, हिंदी माध्यम की प्राचार्या श्रीमती सुनीता त्रिपाठी, शिक्षकगण एवं अभिभावकगण भी उपस्थित थे.

वार्षिक परीक्षा 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कक्षा पांचवी की छात्रा सामिया आफरीन और सीनियर की छात्रा ज्योति गोराई को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी का पुरस्कार दिया गया. इसके अलावा कक्षा नर्सरी से लेकर 11वीं तक के विद्यार्थियों को उनके श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया. सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थी में मीरू टुडू और शत प्रतिशत उपस्थिति का पुरस्कार गुडिया कुमारी को मिला.
कक्षा बारहवीं के बोर्ड परीक्षा में भी टॉप 10 में स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए. साथ ही, प्रत्येक विषय में 100 प्रतिशत अंक पाने वाले सात विद्यार्थियों को बी. डी. शर्मा स्टार अवार्ड के तहत 10 ग्राम खरा चांदी के सिक्के एवं प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए.
विशिष्ट अतिथि नूरुज्जमां खान ने अपने संबोधन में कहा कि गोविंद विद्यालय से उनका बहुत पुराना नाता रहा है और वे सदैव विद्यालय परिवार के उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं.
विद्यालय की शिक्षिका शिखा सिंह ने वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया. स्वागत भाषण जाकिया तसनीम एवं आफिया नाज ने दिया जबकि धन्यवाद ज्ञापन छात्रा फातिमा मुस्तफा ने किया. कार्यक्रम का संचालन भी जाकिया तसनीम एवं आफिया नाज ने ही किया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का योगदान सराहनीय रहा.
यह समारोह विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सराहने तथा उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का प्रेरणादायक मंच साबित हुआ.

