
उदित वाणी, रांची: राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन के अभिभाषण के साथ ही राज्य विधानसभा का बजट सत्र प्रारम्भ हो गया. सत्र के पहले दिन राज्यपाल ने अपने 24 पन्ने के अभिभाषण में राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनायी और उन्होंने कहा कि अगर मन में प्रदेश को आगे ले जाने का जुनून हो.
निर्णयों में दूरदर्शिता व समझदारी हो। इरादों में नेकी व ईमानदारी हो, तो सशक्त झारखंड व विकसित झारखंड का सपना हकीकत में बदला जा सकता है.
वहीं उन्होंने कहा कि 2 व 3 मार्च को रांची व पतरातू में जी-20 देशों के कार्यक्रम प्रस्तावित है. जिसमें भारत सरकार के नेतृत्व में वैश्विक पटल पर क्लीन एण्ड ग्रीन एनर्जी बिषय पर व्यापक चर्चा होगी. इससे झारखंड राज्य की न केवल राष्ट्रीय स्तर पर, बल्कि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनेगी.
कोरोना महामारी का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने राज्य सरकार की कोरोना से लड़ने के लिए बनाई गई नीतियों की सराहना की और कहा कि सरकार ने जितना काम कोविड रोकथाम, कोविड अनुकूल व्यवहार व अस्पताल प्रबंधन के लिए किया, उतने ही काम गरीबों की रोजी रोटी, बच्चों की शिक्षा, युवाओं के रोजगार, विकास व जन कल्याण की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए किया.
राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार कृषि ऋण माफी योजना के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचा रही है. किसानों को सहयोग देने के लिए कई काम किए जा रहे हैं. राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में आर्थिक विकास दर के आंकड़े भी रखा.
जबकि राज्यपाल ने अपना अभिभाषण खत्म करने के बाद माफी मांगी और कहा कि मेरी हिंदी बहुत अच्छी नहीं है. अगर मुझसे कोई गलती हो गई हो तो माफ करें. बढ़ते अपराध के मामलों पर सत्तापक्ष कांग्रेस की विधायक के सवाल खड़े करने पर राज्य सरकार असहज इधर झारखंड में बढ़ते अपराध के मामलों पर सत्तापक्ष कांग्रेस की विधायक सुश्री अंबा प्रसाद द्वारा सवाल खड़े करने से राज्य सरकार असहज हो गई है.
अंबा प्रसाद ने बजट सत्र के पहले दिन सदन के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अपराधी बेलगाम हैं औऱ पुलिस कमीशनखोरी कर रही है. उन्होंने कहा कि उनके विधायक प्रतिनिधि को दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी.
विधायक ने इस हत्या को अपने उपर हमला बताया और कहा कि जब मेरे सबसे करीबी व्यक्ति तक अपराधी पहुंच गये, तो माना जा सकता है, यह हमला मुझ पर हुआ है. पुलिस अपराधियों को संरक्षण दे रही है. सोशल मीडिया पर भी अंबा प्रसाद का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है..
जिसमें उन्होंने प्रतिनिधि की हत्या के बाद वह पुलिस पदाधिकारियों से बात करते हुए कहा है कि निर्दोषों को पकड़कर खानापूर्ति की जा रही है। लगातार घटनाएं हो रही है. अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है. अपराधियों को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है.
यदि अपराधियों को पुलिस का सरंक्षण नहीं रहता तो वे सरेआम एक विधायक प्रतिनिधि को गोली मारने की हिम्मत नहीं करते. अपराधियों ने उनके प्रतिनिधि पर एक दर्जन गोलियां बरसाई. अपराधियों और पुलिस के बीच 60-40 का हिसाब-किताब चल रहा है.

