
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुइलाडुंगरी में बीती रात 23 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान हर्ष कुमार सिंह के रूप में हुई है. वह दो भाइयों में बड़ा था और नौकरी की तलाश में था. सोमवार को उसे बिष्टुपुर स्थित एयरटेल ऑफिस में इंटरव्यू के लिए जाना था.
परिजनों के अनुसार, रविवार शाम हर्ष अपने दोस्तों के साथ बैठकर हंसी-मजाक कर रहा था. रात में घर लौटने पर किसी बात को लेकर पिता दिवाकर सिंह ने उसे डांटा. इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया. देर रात जब मां ने उसे खाने के लिए आवाज दी तो उसने दरवाजा नहीं खोला. संदेह होने पर परिजन और पड़ोसी दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे, जहां हर्ष साड़ी के सहारे फंदे से लटका मिला.
घटना के बाद परिजन उसे आनन-फानन में टीएमएच अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है. परिजनों के मुताबिक, हर्ष नौकरी को लेकर चिंतित रहता था. पुलिस ने मामले को दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

