
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के ट्यूलाडूंगरी में पत्नी को देहव्यापार में धकेलने में नाकाम रहने पर पति ने उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद लहूलुहान हालत में महिला किसी तरह जान बचाकर सोनारी स्थित मायके पहुंची, जहां परिजनों ने उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया.
घायल महिला ने पुलिस को बताया कि उसने तीन वर्ष पूर्व प्रेम विवाह कर आकाश कांत लाल से शादी की थी. शादी के कुछ ही महीनों बाद उसे पता चला कि उसका पति और ससुराल वाले देहव्यापार के धंधे में लिप्त हैं. पति आकाश युवतियों से वेश्यावृत्ति करवा कर कमाई करता है. कुछ दिन पूर्व उसने महिला को चाईबासा ले जाकर इस धंधे में शामिल होने का दबाव बनाया, लेकिन महिला ने सख्ती से इनकार कर दिया और वापस घर लौट आई.
यही बात आकाश को सहन नहीं हुई. इसके बाद वह पत्नी को कमरे में बंद कर प्रताड़ित करने लगा. बीते दिन आकाश ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. उसने न सिर्फ उसके चेहरे और शरीर पर हमला किया बल्कि प्राइवेट पार्ट को भी गंभीर चोट पहुंचाई. घायल महिला ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर वहां से भागकर अपनी जान बचाई और मायके पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई.
शुक्रवार को इलाज के बाद पीड़िता परिजनों के साथ गोलमुरी थाना पहुंची और पति आकाश कांत लाल, सास और ससुर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में उसने बताया कि आकाश पहले भी देहव्यापार से जुड़े मामलों में कई बार जेल जा चुका है. इसके बावजूद वह लगातार उसी धंधे में सक्रिय है और अब उसे व उसके परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दे रहा है. महिला ने पुलिस और प्रशासन से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है.
गोलमुरी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

