
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में बिगड़ती कानून व्यवस्था और ट्रैफिक की अव्यवस्था ने आम लोगों को परेशान कर दिया है. चोरी, नशाखोरी, मटका-लॉटरी और अड्डेबाजी के कारण नागरिक भय के साये में जीने को मजबूर हैं. सोमवार को भाजपा गोलमुरी मंडल के कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय के नेतृत्व में थाना प्रभारी और ट्रैफिक थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में बजरंग नगर व केबुल बस्ती में नशेड़ियों का जमावड़ा, केबुल कंपनी में दिनदहाड़े चोरी और गोलमुरी बाजार में रात के समय असामाजिक तत्वों की सक्रियता का जिक्र किया गया. ट्रैफिक की समस्या भी गंभीर है. केरला समाजम स्कूल और सेंट जोसेफ हाई स्कूल के सामने सुबह-शाम जाम लगता है, जबकि आकाशदीप प्लाजा के मिराज सिनेमा हॉल के पास सड़क पर वाहन खड़े रहते हैं. इससे आसपास के निवासियों को रोज परेशानी झेलनी पड़ रही है.
मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने कहा, “गोलमुरी में अपराधियों और नशे के सौदागरों के हौसले बुलंद हैं. प्रशासन का कोई खौफ नहीं बचा. स्कूलों और बाजारों में ट्रैफिक चरमरा गया है. यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो भाजपा कार्यकर्ता आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.” प्रशासन ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है.
उपस्थित कार्यकर्ता: भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव, जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अप्पा राव, पूर्व मंडल अध्यक्ष धीरज पासवान, मंडल महामंत्री अशोक सामंत, श्रीनू राव, अभिमन्यु सिंह, बंटी अग्रवाल, हरेराम यादव, मुकेश चौधरी, नवजोत सिंह सोहल, अमिश अग्रवाल, सीनू राव, रंजीत सिंह, ऋषव सिंह, अमरेंद्र कुमार, सन्नी सिंह चौहान, बिमला साहू, चंद्रकांता सिंह, इंदरजीत सिंह, मोहम्मद नौशाद, दीपक मुखर्जी, नौशाद खान, रबिन्द्रनाथ घोष, पीजुश पॉल, खतीब खान, अनिल सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.

