
उदित वाणी जमशेदपुर : गोलमुरी थाना अंतर्गत टुईला डूंगरी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात प्रकाश में आई, जिसमें पति ने पत्नी पर न सिर्फ बेरहमी से हमला किया बल्कि अमानवीय हरकत कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि उसका पति आकाश कांत लाल उर्फ़ पांडू लंबे समय से उसे देह व्यापार में धकेलने का दबाव बना रहा था। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आकाश कांत लाल ने गुस्से में आकर चाकू से उसके चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर प्रहार कर दिया। यही नहीं, वहशत की हद पार करते हुए आरोपी ने पीड़िता के प्राइवेट पार्ट्स में कांच की बोतल डालकर गंभीर चोटें पहुंचाईं।
घटना के बाद पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। आनन-फानन में गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोलमुरी थाना कांड संख्या 127/25 दर्ज कर लिया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी आकाश कांत लाल उर्फ पांडू को उसके घर लाइन नंबर 6, ए ब्लॉक से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस पूरे मामले की अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक (पु.अ.नि.) सोनी कुमारी बनाई गई हैं, जो मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही हैं।
स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात है। वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपित को कानूनन कठोर सजा दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।


