
उदित वाणी, जमशेदपुर : मंगलवार की शाम साकची थाना क्षेत्र के बाराद्वारी मोड़ के पास कांग्रेस नेता सामंता कुमार की पत्नी स्वर्णाली कुमारी के गले से बाइक सवार अपराधियों ने सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए. यह घटना उस समय घटी जब स्वर्णाली कुमार सिदगोड़ा से पैदल ही अपने बाराद्वारी स्थित आवास की ओर लौट रही थीं.
करीब शाम 8:10 बजे, जब स्वर्णाली दत्ता ऑटो डेकोरेटर (बाराद्वारी) के पास पहुंचीं, तभी पीछे से काले रंग की बुलेट बाइक पर सवार दो युवक तेजी से आये और झपट्टा मारते हुए उनके गले से सोने की चेन छीन ली. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों युवक सुपरवाइजर फ्लैट की ओर भाग निकले.
पीड़िता द्वारा शोर मचाए जाने पर आस-पास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा भी किया, परंतु अंधेरे और अपराधियों की तेज गति की वजह से वे भागने में सफल रहे.
वारदात के तुरंत बाद स्वर्णाली कुमार और उनके परिजनों ने सीतारामडेरा थाना में एक प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है.
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस मार्ग पर अक्सर बिना नंबर प्लेट की तेज रफ्तार बाइकों का आना-जाना बना रहता है, जिनकी जांच न के बराबर होती है.
कांग्रेस नेता सामंता कुमार ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा, “अगर एक नेता का परिवार भी शहर की सड़कों पर सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की कल्पना करना मुश्किल है. पुलिस को अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए.”
सीतारामडेरा थाना प्रभारी ने बताया कि, “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी. पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और अपराधियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है. बहुत जल्द अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.”
शहर में चेन स्नैचिंग की बढ़ती घटनाएं
जमशेदपुर में पिछले कुछ महीनों से महिलाओं से चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. खासकर साकची, बिष्टुपुर, कदमा, मानगो, और सिदगोड़ा जैसे मुख्य क्षेत्रों में पैदल चल रही महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है.

