
उदित वाणी, जमशेदपुर: श्री धर्म सास्था मंदिर बिष्टुपुर में चल रहे 75वें प्रीति समारोह के तहत शुक्रवार को श्री महागणपति के हवन के साथ पूजा शुरू हुई. वेद पंडितों ने श्री महालक्ष्मी के लिए कलश स्थापना की और फिर श्री लक्ष्मी नारायण हृदय पूजा, जप और हवन किया.
ब्रह्मश्री विजय भानु गणपडिगल के मार्गदर्शन में मंदिर समिति के अध्यक्ष पीएन शंकरन ने पूर्णाहुति की, जिसमें सूखे मेवे, फूल और मिठाई चढ़ाई गई. इसके बाद वसोर्धा की गई जिसमें हवन कुंड में 15 किलो घी डाला गया. मंदिर के पुजारी मोहित शर्मा और आकाश शर्मा ने श्री धर्म सास्था के लिए कलश अभिषेक किया.
इस दौरान मंदिर की महिला भक्तों ने श्री तुलसी पूजा की. बाद में महाआरती कर सभी देवी-देवताओं को दिखाया गया और प्रबंध समिति के सदस्यों द्वारा हजारों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया.
शाम को श्रीमती जेबी कीर्तन और चेन्नई के समूह ने दक्षिण भारतीय शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति की, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.


