
उदित वाणी, जमशेदपुर : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव-2025 की तैयारियों को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार, जमशेदपुर में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में सभी कोषांगों के वरीय, प्रभारी एवं सहायक प्रभारी पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में उप विकास आयुक्त, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर), विशिष्ट अनुज्ञापन पदाधिकारी, डीटीओ, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी कोषांगों के पदाधिकारी निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें तथा अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करें. उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य की सुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचन कोषांग, कार्मिक कोषांग, ईवीएम कोषांग, स्वीप कोषांग, सामग्री कोषांग, व्यय लेखा कोषांग, मतपत्र कोषांग, वाहन कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, सूचना एवं तकनीकी कोषांग, एमसीसी कोषांग, मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग, कंट्रोल रूम, प्रेक्षण कोषांग और पीडब्ल्यूडी कोषांग की कार्ययोजना की समीक्षा की और उनके क्रियान्वयन की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की.
उन्होंने निर्देश दिया कि—
– कार्मिक कोषांग कर्मियों की त्रुटिरहित सूची तैयार करे.
– प्रशिक्षण कोषांग अंतिम रूप से प्रशिक्षण कैलेंडर बनाकर कर्मियों को समय पर प्रशिक्षण प्रदान करे.
– ईवीएम कोषांग प्रशिक्षण कार्य हेतु उपयोग में आने वाले ईवीएम उपकरणों का आकलन कर उपलब्धता सुनिश्चित करे.
– डिस्पैच सेंटर में एसओपी के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं.
– वाहन कोषांग आवश्यकतानुसार वाहन उपलब्ध कराए और उनके समुचित उपयोग की निगरानी रखे.
– सोशल मीडिया पर गहन निगरानी रखी जाए ताकि गलत सूचनाओं पर तुरंत कार्रवाई हो सके.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता जागरूकता पर विशेष बल देते हुए कहा कि स्वीप कोषांग व्यापक स्तर पर अभियान चलाए ताकि प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार के प्रयोग के प्रति जागरूक हो सके.
बैठक के अंत में उन्होंने सभी कोषांग पदाधिकारियों से आपसी समन्वय और सक्रिय भागीदारी के माध्यम से उपचुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने की अपील की.

