
उदित वाणी, जमशेदपुर : घाटशिला के गालुडीह थाना क्षेत्र में प्रज्ञा केंद्र संचालक व भाजपा नेता उमाकांत महतो की बाइक सवार तीन युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी. उलदा पंचायत के पास खड़िया कॉलोनी बस स्टैंड पर वारदात को अंजाम देकर हत्यारे टाटा की ओर भाग गए. इलाके में दहशत फैल गई है.
घटना मंगलवार दोपहर हुई. बताया जाता है कि उमाकांत महतो का गांव में जमीन विवाद कई वर्षों से चल रहा था. विवाद को लेकर पूर्व में भी मारपीट की घटनाएं हुई थीं.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पत्नी आशा महतो, पुत्र अनुप महतो व बड़े भाई सृष्टिपद महतो शव के पास फूट-फूटकर रो रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची और छानबीन शुरू कर दी.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगारने व संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है. भाजपा कार्यकर्ताओं ने न्याय की मांग की है. आगे की जांच जारी है.

