
उदित वाणी, घाटशिला : अनुमंडल पदाधिकारी, घाटशिला एवं सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर दुर्गा पूजा को देखते हुए शनिवार को अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया. निरीक्षक उत्पाद रामदास भगत के पर्यवेक्षण में घाटशिला उत्पाद अंचल अंतर्गत विभिन्न अवैध शराब भट्टी एवं बिक्री केंद्रों पर तलाशी और छापेमारी की गई.
घाटशिला थाना क्षेत्र के हीरागंज में हुई छापामारी के दौरान 5 अवैध चुलाई शराब भट्टियों को नष्ट किया गया. इसमें लगभग 2500 किलोग्राम अवैध जावा महुआ को विनष्ट किया गया तथा 50 लीटर चुलाई शराब को जब्त किया गया.
छापामारी में शामिल अधिकारियों ने बताया कि भट्टी संचालक दिनेश भुइयां, अरविंद कर्मकार, अशोक नायक, परमेश्वर भुइयां एवं बलराम भुइयां के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया जा रहा है.
अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा से पहले शांति व्यवस्था और सामाजिक माहौल को स्वच्छ रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. इस छापामारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद मोहम्मद गुफरान, प्रतिनियुक्त जिला पुलिस बल एवं गृह रक्षक शामिल रहे.

