
उदित वाणी जमशेदपुर : रविवार सुबह जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय के ठीक सामने स्थित गौरव इंटरप्राइजेज नामक बिजली और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान में बिजली के तार, उपकरण, पंखे, बल्ब सहित कई इलेक्ट्रॉनिक आइटम रखे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे स्थानीय लोगों ने दुकान के शटर के नीचे से धुआं और लपटें निकलते देखीं। तत्काल इसकी सूचना दुकान मालिक को दी गई। जब तक दुकान का शटर खोला गया, आग अंदर फैल चुकी थी और सामान जलने लगा। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तीन दमकलों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। दुकान के आस-पास घनी आबादी और सटे हुए मकान-दुकानों के कारण आग के फैलने का खतरा ज्यादा था, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने भी आग बुझाने में दमकल कर्मियों का सहयोग किया।
फिलहाल आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा आसपास की दुकानों को खाली कराया गया। सौभाग्य से इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

