
उदित वाणी, जमशेदपुर : साईं परिवार विश्व सेवा संस्थान, जमशेदपुर के तत्वावधान में घोड़ाबाँधा स्थित श्री साईनाथ देवस्थानम के गणपति मंदिर परिसर में बुधवार को गणेश चतुर्थी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया.
सुबह से ही मंदिर में घंटे-घड़ियाल की ध्वनि गूंजती रही और बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री गणपति के चरणों में शीश नवाकर गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ कर रहे थे. श्रद्धालुओं ने भगवान गजानन को दूर्वा, केले, मोदक एवं मोतीचूर के लड्डुओं का भोग अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.
सुबह अभिषेक के पश्चात गणपति हवन का आयोजन किया गया. संध्या में महाआरती के बाद गणपति सहस्रनाम पाठ संपन्न हुआ. पूरे दिन मंदिर में भक्तिमय माहौल बना रहा.
पूजन-अनुष्ठान पंडित नंदलाल मिश्र एवं पंडित सुजीत कुमार पाठक के निर्देशन में संपन्न हुआ.

