
उदित वाणी, जमशेदपुर : गालूडीह एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है.
शनिवार सुबह लगभग 7 बजे बाघुडिया पंचायत अंतर्गत कशिया गांव में ठाकुरदास महतो (पिता स्व. सुधीर महतो) का कच्चा मकान बारिश के दबाव में अचानक धराशायी हो गया. हादसे में परिवार बेघर हो गया, हालांकि ग्रामीणों की मदद से सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया.
दूसरी ओर, झारखंड और बंगाल के बीच संपर्क मार्ग भी बारिश की वजह से पूरी तरह बाधित हो गया. सातगुरुम नदी के ऊपर बनी पुलिया शनिवार को दिनभर पानी में डूबी रही. नतीजा यह रहा कि लोगों की आवाजाही रुक गई और द्वार्षिनी की साप्ताहिक प्रसिद्ध हाट को रद्द करना पड़ा, जिससे स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा.

इस बीच, बांधवान थाना क्षेत्र के कूचियां पंचायत अंतर्गत भालो पहाड़ नदी की पुलिया पर देर रात करीब 12 बजे बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बताया जा रहा है कि 35 लोगों को ले जा रही एक पिकअप वैन पानी के तेज बहाव में असंतुलित होकर पलट गई. सभी यात्री कूचियां टोला कुमारडीह के रहने वाले थे और बोकारो से लौट रहे थे. सौभाग्य से सभी यात्री समय रहते बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई.
ग्रामीणों का कहना है कि नदियों और नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. लोग आशंका जता रहे हैं कि यदि बारिश का इसी तरह सिलसिला जारी रहा तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं. वहीं स्थानीय प्रतिनिधियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत सामग्री और सुरक्षित आवास की व्यवस्था कराई जाए.
बारिश की मार से ग्रामीण दहशत में हैं, प्रशासन की निगरानी बेहद जरूरी हो गई है.

