
कारमेल जूनियर कॉलेज की टीम बनी ओवरऑल चैंपियन
उदित वाणी, जमशेदपुर: सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल में वार्षिक अंतर-विद्यालय युवा उत्सव लिंक अप कार्निवल का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के विभिन्न स्कूलों की भागीदारी रही. टाटा स्टील की वीपी (एचआरएम) आत्रेयी सान्याल ने ऊर्जावान माहौल की प्रशंसा की और भाग लेने वाले स्कूलों को शुभकामनाएं दीं.
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन एक रचनात्मक विचार प्रक्रिया को प्रोत्साहित करते हैं और बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान करते हैं. स्कूल प्रिंसिपल सिस्टर रश्मिता ने भी समारोह का उदघाटन किया.
इस युवा महोत्सव के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं, जिसमें छंद (युद्ध ), डीजे, बैले एस्ट्रेला (रैंप वॉक), द फाइनल एपिलॉग (मॉडल यूएन) और अन्य कला, रचनात्मक लेखन और व्यवसाय स्टार्टअप विचारों आदि पर आधारित कार्यक्रम शामिल थे.
लिटिल फ्लावर स्कूल को “सबसे अनुशासित स्कूल” का सम्मान मिला. केरला समाजम मॉडल स्कूल फर्स्ट रनर अप और लोयोला स्कूल दूसरा रनर अप रहा. कारमेल जूनियर कॉलेज, फेस्ट का ओवरऑल चैंपियन रहा.


