
उदित वाणी, जमशेदपुर : फोर्टिस हॉस्पिटल, कोलकाता के सौजन्य से तथा पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे की पहल पर बारीडीह में निःशुल्क मेगा हेल्थ चेक‑अप कैंप का आयोजन किया जा रहा है. इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य आमजन को निःशुल्क और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है.
शिविर में फोर्टिस हॉस्पिटल, कोलकाता के सुप्रसिद्ध विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. रितेश कौंतिया (एडिशनल डायरेक्टर, नेफ्रोलॉजी एवं किडनी ट्रांसप्लांट फिज़िशियन) और डॉ. देबप्रिया मोंडल (कंसल्टेंट मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट) सहित चिकित्सकों की टीम मौजूद रहेगी. कैंप में आने वाले लोगों की क्रिएटिनिन, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, पीएफटी (चेस्ट एवं लंग्स) आदि की निःशुल्क जांच की जाएगी.
स्वास्थ्य शिविर में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए निर्धारित आयु वर्ग की प्रथम 15 महिलाओं को निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा भी दी जाएगी. आयोजकों ने बताया कि कैंप का लाभ क्षेत्र के अधिक से अधिक लोग उठाएं, इसके लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है.
कैंप का आयोजन रविवार, 14 दिसम्बर को बारीडीह स्थित आनंद बिहारी दुबे के कार्यालय परिसर में किया गया है. शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा. आयोजकों ने शहरवासियों के साथ‑साथ प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे इस जनहितकारी कार्यक्रम की कवरेज कर इसका व्यापक प्रचार‑प्रसार करें.
