
उदित वाणी, जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र के रहने वाले टाटा मोटर्स के रिटायर कर्मचारी रत्नेश्वर शर्मा के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी और जेवर समेत कुल 4 लाख रुपये मूल्य के सामानों की चोरी कर ली.
घटना के समय परिवार के लोग अपने रिश्तेदार के घर पर शादी समारोह में रांची गये हुये थे. चोरी की सूचना मिलते ही परिवार के लोग लौटे और घटना के संबंध में बिरसानगर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया. रत्नेश्वर ने बताया कि वे परिवार के साथ 24 नवंबर की दोपहर रांची के लिये रवाना हो गये थे. घर पर कोई नहीं था.
26 नवंबर को बेटा अभिजीत पुणे से लौटकर सुबह 9 बजे घर आया. इस बीच मेन गेट का ताला खोलकर जब दरवाजे के पास गया, तब देखा कि ताला टूटा हुआ है. भीतर जाने पर देखा कि सभी सामान बिखरे हुये हैं.
दोनों अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ है. रत्नेश्वर ने बताया कि वे सूचना मिलते ही परिवार के लोगों के साथ रांची से 26 नवंबर की शाम बिरसानगर पहुंच गये. उन्होंने देखा कि निचले और उपरी तल्ले में स्थित सभी छह कमरे का ताला टूटा हुआ है और सामान भी बिखरा हुआ है.
नकद 50 से 60 हजार रुपये, सोने का दो पीस चेन, एक जोड़ी झुमका, एक पीस मंगलसूत्र, एक पीस कर्णफूल, चांदी का ब्रेसलेट, पायल, चांदी का चार कटोरा, पान का पत्ता, कसैली, पीतल का कलश, कटोला, थाली, ग्लास के अलावा गिफ्ट आयटम की भी चोरी हुई है.
सभी सामानों का मूल्य चार लाख रुपये बताया गया है. घटना की जानकारी पाकर पीसीआर वैन सबसे पहले बिरसानगर पहुंची थी. इसके बाद घटनास्थल का वीडियो बनाकर ले गयी.
रत्नेश्वर ने घटना की लिखित शिकायत 27 नवंबर को की. इसके बाद पुलिस जांच के क्रम में पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. रत्नेश्वर ने बताया कि आस-पास के घरों में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा होने के कारण चोरों का पता नहीं चल पा रहा है.
