
उदित वाणी, जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के आंधारझोर गांव के केंदडीह टोला में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर पांच खस्सी (बकरी) की चोरी कर ली। चोरी गए खस्सियों की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश दोनों बढ़ गया है।
पीड़ित आशुतोष महतो ने बताया कि शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य रोज की तरह बाउंड्री गेट में ताला लगाकर सो गए थे। देर रात करीब 12 बजे के बाद चार पहिया वाहन से पहुंचे चोरों ने बाउंड्री में लगे ग्रिल का ताला तोड़ दिया और अंदर बंधे पांचों खस्सियों को वाहन में लादकर फरार हो गए।
शनिवार सुबह करीब पांच बजे जब परिवार के लोग उठे तो ग्रिल का ताला टूटा हुआ मिला और खस्सी गायब थे। इसके बाद आशुतोष महतो ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। ग्रामीणों के अनुसार चोर पहले पड़ोसी राजू महतो के घर भी घुसे थे, लेकिन वहां खस्सी नहीं मिलने पर बाहर से दरवाजा बंद कर भाग गए।
बताया जाता है कि एक मार्च को बोड़ाम बाजार की शराब दुकान में भी ताला तोड़कर लाखों की चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

