
झामुमो, कांग्रेस व राजद के चुनावी वायदों पर अमल करने के लिए तैयार की जायेगी रिपोर्ट
उदित वाणी, रांची: यूपीए कोर्डिनेशन कमिटी की पहली बैठक शुक्रवार को कमिटी के चेयरमैन झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन की अध्यक्षता में कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में हुई. लगभग एक घंटे तक चली इस बैठक में सरकार में सहयोगी दलों के चुनावी घोषणा पत्रों में किये गये वायदों पर अमल करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.
राज्य सरकार के 28 माह के कार्यकाल में झामुमो, कांग्रेस व राजद द्वारा किये गये वायदों पर कितना अमल हुआ और कितने बाकी रह गया है. बैठक के दौरान इसको लेकर रिपोर्ट तैयार करने का निर्णय लिया गया. बैठक में मांडर उपचुनाव को लेकर भी चर्चा की गई तथा हर हाल में उपचुनाव जीतने को लेकर रणनीति बनाई गई.
बताया गया कि रणनीति के तहत उपचुनाव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत तीनों दलों के सभी बडे नेता प्रचार करने जायेंगे. वहीं बैठक के दौरान रांची की वर्तमान हालात समेत राज्य की कानून व्यवस्था व अन्य मुद्दों को लेकर भी चर्चा की गई. बैठक के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता व समिति के सदस्य आलमगीर आलम ने कहा कि राज्य की नौकरियों में बैकलॉग को लेकर भी बातें हुई.
उन्होंने कहा कि 10 जून को हुई हिंसा पर चर्चा की गई तथा घटना के दोषियों पर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया. आलमगीर ने कहा कि चाहे वो अधिकारी ही क्यों न हों. उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. बैठक में यह तय किया गया कि मांडर उपचुनाव के बाद इस मामले में उचित कदम उठाया जायेगा.
बैठक में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, ग्रामीण विकास सह संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम, श्रम नियोजन व कौशल विकास मंत्री सत्यानंद भोक्ता, पूर्व विधायक बंधु तिर्की, योगेंद्र प्रसाद, विनोद कुमार पांडेय व फागु बेसरा मौजूद थे.
