
उदित वाणी, रांची: राज्य विधानसभा में शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन भी हंगामेदार रहा और हंगामे के बीच ही वित्तमंत्री रामेश्वर उरांव ने सदन में 8533.89 करोड़ रुपये का द्वितीय अनुपुरक बजट पेश किया.
द्वितीय अनूपूरक बजट में सर्वाधिक 2733.15 करोड़ की राशि उर्जा विभाग को दी गई है. इसके अलावा महिला व बाल विकास विभाग को 1158.85 करोड़, सहकारिता विभाग को 434.21 करोड़, स्वास्थ्य विभाग को 434.04 करोड़, ग्रामीण कार्य विभाग को 350.32 करोड़, नगर विकास विभाग को 251.69 करोड़, ग्रामीण विकास विभाग को 217.88 करोड़ व कृषि विभाग को 157.39 करोड़ समेत अन्य विभागों को राशि आवंटित की गई है.
इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा 9 सितंबर 2021 को सभा द्वारा पारित झारखंड वित्त विधेयक 2021, 24 मार्च 2022 को पारित झारखंड राज्य कृषि उपज व पशुधन विपणन संवर्धन और सुविधा विधेयक 2022 तथा 3 अगस्त 2022 को सभा द्वारा पारित झारखंड कराधान अधिनियमों की बकाया राशि का समाधान विधेयक 2022 तीन विधेयकों को वापस लिया गया.
उक्त विधेयकों को कतिपय त्रुटियों की वजह से राज्यपाल द्वारा वापस कर दिया गया था. जबकि सत्र के दूसरे दिन भाजपा विधायकों ने नियोजन नीति के मुद्ये पर बेल में जाकर जमकर हंगामा किया और सदन की कार्यवाही बाधित की.
वहीं सत्तापक्ष के विधायकों ने भी बेल में जाकर हंगामा मचाया। सत्तापक्ष के विधायक भाजपा सांसद निशिकांत दूबे द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ लोकसभा में की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विरोध जता रहे थे तथा निशिकांत दूबे के खिलाफ निन्दा प्रस्ताव पारित कराने की मांग कर रहे थे.
इस बीच दोनों पक्षों द्वारा किये जा रहे हंगामे को देखकर स्पीकर रविन्द्रनाथ महतो ने पूर्वाहन 11.25 बजे सदन की कार्यवाही दोपहर 12.45 बजे तक स्थगित कर दी और दोबारा सदन की कार्यवाही शुरू होने पर द्वितीय अनूपूरक बजट पेश करने के साथ-साथ अन्य विधायी कार्यवाही करने के पश्चात स्पीकर ने सदन की कार्यवाही बुधवार पूर्वाहन 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.
हमेशा खबरों से अपडेट रहने के लिए फॉलो करे….

