
उदित वाणी, जमशेदपुर/गोवा: इकर ग्वारोट्सेना, नूह वेल सदाउई और ब्रिसन फर्नांडीस के गोल ने जमशेदपुर एफसी के 100वां हीरो आईएसएल मैच की पार्टी खराब कर दी.
इन तीनों खिलाड़ियों के गोल की मदद से एफसी गोवा ने गुरुवार, 03 नवंबर को अपने घरेलू मैदान जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 के मैचवीक 5 में जमशेदपुर एफसी को 3-0 से हरा दिया.
इस जीत से एफसी गोवा ने इस सीजन के अपने पहले घरेलू मैच में ही जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में मौजूद समर्थकों को जश्न मनाने का अवसर दिया. मैच का पहला गोल करने और मिडफील्ड पर प्रभावी प्रदर्शन के लिए इकर ग्वारोट्सेना को हीरो ऑफ द मैच घोषित किया गया.
आज की जीत से एफसी गोवा अंक तालिका में पांचवें से दूसरे स्थान पर आ गई है. मुख्य कोच कार्लोस पेना के गौर्स चार मैचों में तीन जीत और एक हार से नौ अंक हासिल कर चुके हैं. वहीं, यह जमशेदपुर की दूसरी हार रही और वो छठे से आठवें स्थान पर लुढ़क गई है. मुख्य कोच ऐडी बूथरायड के रेड माइनर्स के चार मैचों में एक जीत व एक ड्रा से चार अंक हैं.
मैच का पहला गोल दूसरे मिनट में आया, जब स्पेनिश मिडफील्डर इकर ग्वारोट्सेना के सटीक टच से एफसी गोवा को 1-0 की शुरुआती बढ़त पर ला दिया.
टीम को मिली पहली कॉर्नर किक पर ब्रैंडन फर्नांडीस ने दाहिने फ्लैंक पर जल्दी से एक छोटा से पास अपने करीब खड़े एडुआर्डो बेडिया पेलेज को दिया, जिस पर एडुआर्डो ने छह-यार्ड बॉक्स के अंदर एक बेहतरीन क्रॉस डाला और रिदीम तलांग ने बैक हिल से कोशिश की लेकिन उनके टच के बाद इकर ने दाहिने पैर से शानदार टच देकर गेंद को गोलपोस्ट की दिशा दिखाकर काम पूरा किया जबकि जमशेदपुर के गोलकीपर रेहेनेश टीपी गेंद को गोललाइन पार करते हुए देखने के सिवाय कुछ नहीं कर सके.
12वें मिनट में मोरोक्कन फॉरवर्ड नूह वेल सदाउई ने गोल करके गौर्स की बढ़त को 2-0 कर दिया. ब्रैंडन फर्नांडीस से एक थ्रू-पास लेने के बाद सदाउई ऑफसाइट ट्रैप को छकाने के बाद बॉक्स लाइन के ठीक बाहर से लेफ्ट फुटर शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट के पार पहुंचा दिया, जबकि गोलकीपर रेहेनेश टीपी आगे चार्ज करने के बावजूद अपने बचाव करने में नाकाम रहे.
सात मिनट के स्टॉपेज टाइम के दौरान 90+3वें मिनट में स्थानापन्न खिलाड़ी ब्रिसन फर्नांडीस ने गोल करके स्कोर 3-0 करके गोवा की जीत तय कर दी। बायीं तरफ से सेवियर गामा से क्रॉस लेने के बाद उन्होंने बाएं पैर से गेंद को नियंत्रित किया और फिर दाहिने पैर से करारा शॉट लगाया जबकि गोलकीपर रेहेनेश अपने दाहिनी तरफ डाइव लगाने के बाद भी गेंद को गोललाइन पार करने से नहीं रोक सके.
पहला हाफ पूरी तरह से एफसी गोवा के नाम रहा. मेजबान टीम के दबदबे में शुरुआती 12 मिनटों में दो गोलों (इकर ग्वारोट्सेना और नूह वेल सदाउई के गोल) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और साथ में गौर्स ने गेंद पर नियंत्रण 74 फीसदी रखा और चार शॉट भी लगाए, जिसमें से दो एकदम सीधे टारगेट पर थे और उन्हीं पर गोल हुए.
हाफ खत्म होने से पहले वेलिंगटन सिरिनो प्रायरी ने जमशेदपुर के लिए दो प्रयास टारगेट पर लिए लेकिन दोनों बार पर एफसी गोवा के गोलकीपर धीरज मोइरंगथेम बचाव के लिए तैयार थे. यह दोनों टीमों के बीच पिछले 11 मुकाबला रहा और एफसी गोवा ने छठी जीत हासिल की जबकि जमशेदपुर ने उन्हें चार बार हराया है. दोनों के बीच केवल एक ड्रा खेला गया है.

