
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज द्वारा आयोजित 48वें इनवायरमेंटल म्यूटाजेन सोसाइटी ऑफ इंडिया (ईएमएसआई) की वार्षिक बैठक व अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का उद्घाटन गुरुवार को एक्सएलआरआई में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया. कॉलेज स्थापना के बाद पहली बार अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होने पर सभी गदगद हैं.
राज्यपाल ने कहा कि औद्योगीकरण व शहरीकरण से प्रदूषण बढ़ रहा है, जो मानव स्वास्थ्य पर असर डाल रहा है. आनुवांशिक बदलाव, डीएनए की प्रकृति व उसके पर्यावरण प्रभाव पर केंद्रित यह सेमिनार अत्यंत उपयोगी है. इससे निकले निष्कर्ष मानव कल्याण में सहायक होंगे.

उन्होंने जोर दिया कि विश्वविद्यालय व कॉलेज समाज की समस्याओं के समाधान केंद्र बनें. विकसित भारत के लिए स्वस्थ समाज व स्वच्छ पर्यावरण जरूरी है.
उद्घाटन सत्र में प्राचार्य डॉ. अमर कुमार सिंह ने स्वागत भाषण दिया. ईएमएसआई अध्यक्ष वाणी प्रिया गांगुली ने संस्था गतिविधियों पर प्रकाश डाला. कोल्हान विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने कहा कि सेमिनार पर्यावरण, जैव विविधता, डीएनए, कैंसर थेरेपी, डायबिटीज व कृषि समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण साबित होगा.

