
उदित वाणी, जमशेदपुर: झारखंड एकेडेमिक काउंसिल ने शनिवार को आठवीं बोर्ड का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया. इसमें पूर्वी सिंहभूम जिले के 94.35 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं.
परीक्षा के लिए जिले से 27776 विद्यार्थियों का पंजीयन किया गया था। इनमें से 26706 विद्यार्थियों ने आठवीं बोर्ड की परीक्षा दी थी. शनिवार को जारी परिणाम में 25198 विद्यार्थी पास हुए हैं. पूरे प्रदेश में पास प्रतिशत के मामले में अपना जिला 14वें स्थान पर है. पहले स्थान पर कोडरमा है. गौरतलब हो कि इस साल पहली बार आठवीं बोर्ड का सभी परीक्षा ओएमआर शीट पर ली गई थी.
और एक ही दिन में सभी विषयों की परीक्षा आयोजित हुई थी. जिस कारण से परिणाम भी मात्र डेढ़ महीना के अंदर ही जैक ने जारी कर दिया. गौरतलब हो कि स्कूलों में अभी गर्मी छुट्टी चल रहा है. और कई जिलों में 10 जून तक सभी सरकारी स्कूलों में छुट्टी है.
झारखंड बोर्ड कक्षा 8 की परीक्षा 13 अप्रैल, 2023 को दो पारियों में आयोजित की गई थी – पहली पारी सुबह 9:45 बजे से दोपहर एक बजे तक और दूसरी पारी दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक. जहां पहला पेपर हिंदी, अंग्रेजी या किसी भी भाषा के लिए आयोजित किया गया था, वहीं दूसरा पेपर गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों के लिए आयोजित किया गया था.
प्रश्न पत्र में कुल 50 अंकों के लिए बहुविकल्पीय प्रश्न शामिल थे. रिजल्ट को झारखंड बोर्ड कक्षा आठवीं की परीक्षा देने वाले छात्रों के स्कूल प्रिंसिपल आधिकारिक वेबसाइट पर अपने स्कोर डाउनलोड कर सकते हैं.
स्कूल के प्रधानाचार्यों को अपने छात्रों के लिए कक्षा आठवीं जेएसी परिणाम 2023 की जांच करने के लिए उपयोगकर्ता नाम और पासवर्ड दर्ज करके लॉग इन करना होगा. रिजल्ट डाउनलोड करने के बाद, वे ऑनलाइन मार्क शीट का प्रिंट आउट ले सकते हैं और अपने छात्रों के बीच रिजल्ट वितरित कर सकते हैं.

