
उदित वाणी, जमशेदपुर : आगामी 5 सितम्बर को मनाए जाने वाले ईद-ए-मिलाद पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के मद्देनज़र विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है. प्रशासन ने आदेश दिया है कि पर्व के दिन सुबह 6 बजे से लेकर रात 11 बजे तक शहर सीमा में सभी भारी वाहनों (ट्रक, ट्रेलर, हाइवा आदि) का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, ईद-ए-मिलाद के मौके पर विभिन्न स्थानों से जुलूस निकाले जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे. ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही से न केवल जाम की स्थिति बन सकती है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है. इसीलिए पर्व के दिन नो-एंट्री का कड़ा पालन कराया जाएगा.
एसपी सिटी ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही शहर में छोटे वाहनों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी गई है, ताकि आमजन को असुविधा न हो.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए त्योहार को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं.
