
उदित वाणी, जमशेदपुर: सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) में शुक्रवार को सेंट जोसेफ कॉन्वेंट हाई स्कूल, घाटशिला के 86 छात्रों और 7 शिक्षकों के लिए शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सीएसआईआर-‘जिज्ञासा वर्चुअल प्रयोगशाला परियोजना’ के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और उन्हें शोध एवं नवाचार की दिशा में प्रेरित करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत उद्घाटन सत्र से हुई, जहां सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधुरी ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए बताया कि प्रयोगशाला ने अपने 75 वर्षों की यात्रा में देश की वैज्ञानिक एवं औद्योगिक प्रगति में अहम भूमिका निभाई है।
इसके बाद मुख्य वैज्ञानिक एवं प्रभारी (आईएमडीसी) डॉ. शर्मिष्ठा सागर ने प्रयोगशाला की अनुसंधान गतिविधियों और उसके महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अनीमेष जना ने ‘जिज्ञासा कार्यक्रम’ के उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी और बताया कि यह पहल छात्रों में वैज्ञानिक जिज्ञासा को प्रोत्साहित करने के साथ ही वैज्ञानिकों और युवाओं के बीच मजबूत संबंध स्थापित करती है।
भ्रमण के दौरान छात्रों और शिक्षकों ने विभिन्न अनुसंधान प्रयोगशालाओं का दौरा किया, जिनमें अनुप्रयुक्त एवं विश्लेषणात्मक रसायन विभाग, क्रीप परीक्षण सुविधा, धातुओं की नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग, ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग, पीतल गलाना और डीआईवाई किट का प्रदर्शन शामिल रहा।
कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन और सामूहिक फोटोग्राफी के साथ हुआ। छात्रों और शिक्षकों ने इस शैक्षणिक अनुभव को बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।

