
उदित वाणी, रांची: राज्य के सरकारी स्कूलों में कार्यरत सहायक अध्यापकों की वेतन विसंगति समेत कई मुद्दों पर स्कूली शिक्षा व साक्षरता मंत्री जगरनाथ महतो 28 नवंबर को समीक्षा करेंगे.
विभागीय मंत्री के आप्त सचिव अवध नारायण प्रसाद ने जानकारी देते हुए कहा कि इसको लेकर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव, प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा निदेशक, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् के निदेशक व झारखंड अधिविध परिषद के सचिव को पत्र लिखा गया है.
आप्त सचिव ने कहा है कि मंत्री द्वारा एमडीआई भवन स्थित कार्यालय कक्ष में 28 नवंबर को 11 बजे से बैठक आहूत की गई है। बैठक के दौरान प्रधानाध्यापकों के पद सृजित करने व सहायक अध्यापकों से जुड़ी समस्याओं की भी समीक्षा की जायेगी.
सहायक अध्यापकों से जुड़ी समस्याओं में वेतन विसंगति, अनुकंपा, आकलन परीक्षा, कल्याण कोष, कर्मचारी भविष्य निधि आदि बिषयों को लेकर समीक्षा की जायेगी. अधिकारियों को बैठक में वांछित प्रतिवेदन के साथ ससमय उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.

