
उदित वाणी, जमशेदपुर : झारखंड में एक बार फिर जीएसटी घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की है। करीब 750 करोड़ रुपये के बहुचर्चित जीएसटी घोटाले से जुड़े मामले में ईडी की टीमों ने रांची, कोलकाता, मुंबई और जमशेदपुर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में 28 से अधिक स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की है।
जमशेदपुर में स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल के छह से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की गई है। जानकारी के अनुसार बबलू जायसवाल पहले भी इस मामले में ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जा चुके हैं और जेल भेजे जा चुके हैं। यह छापेमारी इस केस में ईडी की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी इसी घोटाले को लेकर कई स्थानों पर जांच और छापेमारी की जा चुकी है।
ईडी की टीम जमशेदपुर के सर्किट हाउस एरिया, बिस्टुपुर, जुगसलाई और आदित्यपुर के साथ-साथ अन्य व्यावसायिक व आवासीय परिसरों पर भी छापेमारी कर रही है। वहीं, रांची में पीपी कंपाउंड स्थित कृष्णा अपार्टमेंट सहित करीब छह स्थानों पर ईडी की कार्रवाई जारी है।
इससे पहले ईडी ने इस मामले में शिव कुमार देवड़ा और अमित अग्रवाल उर्फ विक्की भालोटिया को गिरफ्तार किया था। इनसे हुई पूछताछ में यह सामने आया कि फर्जी कंपनियां बनाकर बिना वस्तुओं की वास्तविक खरीद-बिक्री किए कागजी व्यापार दिखाया गया और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का अनुचित लाभ उठाया गया। पूछताछ में कई और नामों का खुलासा हुआ, जो इस रैकेट से जुड़े हुए थे।
प्रारंभिक जांच के बाद ईडी ने इन सूचनाओं के आधार पर दूसरे दौर की यह बड़ी कार्रवाई शुरू की है। ईडी की इस कार्रवाई से व्यापारिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है और पूरे राज्य में एक बार फिर अवैध आर्थिक गतिविधियों पर कड़ा संदेश गया है।

