
उदित वाणी, रांची: ईडी ने निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल की मुश्किलें और बढ़ा दी है. मनरेगा घोटाला, अवैध खनन व मनी लाउंड्रिंग के मामले में गिरफतार करने के बाद ईडी अब पूजा सिंघल समेत अन्य आरोपियों की संपत्तियों को अगले सप्ताह तक कुर्क कर सकता है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार ईडी द्वारा सिंघल के पति अभिषेक कुमार झा के पल्स सुपर स्पेशियेलिटी अस्पताल समेत सिंघल के अन्य सम्पत्तियों को कुर्क करने की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है. बताया गया है कि ईडी उन संपत्तियों को कुर्क करेगा जो मनरेगा घोटाले के तहत अवैध रूप से जुटाई गई है.
सिंघल के खूंटी में उपायुक्त के पद पर रहते हुए 18.06 करोड़ रूपये का मनरेगा घोटाला हुआ है और ईडी द्वारा पीएमएलए कोर्ट में दाखिल चार्जशीट में बताया गया है कि मनरेगा घोटाले के पैसे अभिषेक झा के पल्स अस्पताल में लगाया गया है.
ईडी द्वारा सिंघल के अलावा खूंटी जिले के मनरेगा इंजीनियरों और अधिकारियों में राम विनोद प्रसाद सिन्हा, जय किशोर चौधरी, शशि प्रकाश व राजेंद्र कुमार जैन के खिलाफ भी अभियोजन की शिकायत दर्ज की गई है. इस मामले में ईडी द्वारा इन आरोपियों की भी संपत्ति कुर्क की जायेगी.
फर्जी बिल के माध्यम सीए सुमन पल्स अस्पताल में जमा कराता था अवैध राशि
सीए सुमन कुमार सिंह ने ईडी की पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने पल्स अस्पताल के कैश काउंटर में चार से पांच बार फर्जी बिल बनाकर पल्स अस्पताल की रसीद बढ़ा चढ़ाकर देने के लिए 10 लाख रुपये की नकद राशि दी थी.
बताया गया है कि पूजा सिंघल ने गलत तरीके से अर्जित धन को पल्स अस्पताल में समायोजित करने व अस्पताल से अर्जित लाभ को वैध दिखाने के लिए उक्त कार्य किया गया था. पूजा सिंघल और अभिषेक झा की शादी जून 2011 में हुई थी. ईडी के अनुसार शादी से पहले पूजा सिंघल अपने ही बैंक खाते में अवैध राशि जमा करती थी.
जबकि शादी के बाद सिंघल अभिषेक झा के खातों में राशि जमा करने लगी थी. वहीं बाद में अवैध तरीके से अर्जित राशि को मेसर्स पल्स संजीवनी हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड में नगदी राशि जमा कराया जा रहा था और पल्स डायग्नोस्टिक के अलावा पल्स संजीवनी के निर्माण, उपकरण खरीदने व खातों में नगदी समायोजित किया जाने लगा.
वित्तीय बर्ष 2012-13 से मेसर्स पल्स संजीवनी हेल्थकेयर के बैंक खातों में राशि कंपनी के कुल कारोबार से अधिक
ईडी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2012-13 से मेसर्स पल्स संजीवनी हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खातों में राशि कंपनी के कुल कारोबार से अधिक था. जबकि ईडी के समक्ष सिंघल के पति अभिषेक ने कहा है कि पल्स संजीवनी हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड में लगाया गया पैसा उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में अर्जित किया था.
वह ऑस्ट्रेलिया से 31.89 लाख रुपये नकद लेकर आया था। परन्तु ईडी का मानना है कि अभिषेक झा की ऑस्ट्रेलिया की कहानी अपराध को छिपाने के लिए बाद में सोची गई है. ईडी को करीब 100 करोड़ रुपये के भारी कैश का पता चला है.
ज्ञात हो कि 5 मई को ईडी द्वारा पूजा सिंघल व उनसे जुड़े कई लोगों के कई ठिकानों में छापेमारी की गई थी. इस दौरान ईडी ने भारी मात्रा में नकद बरामद किया था.

