
उदित वाणी, रांची: रेलवे में लैंड फाॅर जाॅब मामले में शुक्रवार को पूर्व रेलमंत्री लालू प्रसाद के परिजनों व करीबियों के कई ठिकानों के साथ-साथ ईडी ने रांची के कांटा टोली स्थित मंगल टावर के पीछे स्थित एक टावर एवं कडरू में भी छापामारी की.
रांची के मंगल टावर में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के करीबी व बिहार के सीतामढ़ी के सुरसंड के पूर्व विधायक अबू दोजाना के सीए अजाॅय कुमार की कंपनी एस के नायक एंड कंपनी के दफ्तर में छापामारी की गई. ईडी को अबू दोजाना के चार्टर्ड अकाउंटेंट अजाॅय कुमार के बारे में जानकारी मिली थी.
जिसके बाद शुक्रवार को तड़के ईडी की टीम अजाॅय के ऑफिस पहुंची और दस्तावेजों की जांच की तथा सीए से पूछताछ भी की गई. बताया गया कि छापामारी में कई जरूरी कागजात व डिजिटल उपकरण ईडी के लगे हैं. ईडी द्वारा शुक्रवार को सुबह से ही दिल्ली, मुम्बई व बिहार समेत देशभर के लगभग 15 ठिकानों में छापामारी की जा रही है.

