
उदित वाणी, रांची: आर्मी जमीन घोटाला मामले में रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन से सोमवार को ईडी द्वारा लगभग 10 घंटे तक पूछताछ की गई. छवि रंजन ईडी के कई सवालों का जवाब नहीं दे पाए. उनके जबाब से ईडी संतुष्ट नजर नहीं आई.
लेकिन ईडी द्वारा सोमवार को उनसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया और 1 मई को पूछताछ के लिए फिर से बुलाया गया है. ईडी की टीम द्वारा छवि रंजन और मामले में पूर्व में गिरफ्तार 6 आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई. जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार सभी आरोपियों ने बताया कि छवि रंजन के इशारे पर ही जमीन के दस्तावेजों में हेराफेरी की गई.
वहीं पूर्व डीसी ने इससे इंकार करते हुए कहा कि हमारे इशारे पर कोई भी जमीन का अवैध काम नहीं हुआ है. परन्तु जब ईडी की टीम आईएएस छवि रंजन से यह जानना चाहा कि आखिर शहर में इतने बड़े पैमाने पर जमीन का अवैध कारोबार चल रहा था तो वे क्या कर रहे थे. इस सवाल पर छवि रंजन टालमटोल करते रहे.
छवि रंजन लगभग सुबह 10.30 बजे ही ईडी कार्यालय पहुंचे थे. उनसे रांची में जमीन घोटाले के मामले में कई सवाल पूछे गए. इडी ने पूछा कि किन परिस्थितियों में विवादित जमीन मामले में उन्होंने रजिस्ट्री का आदेश दिया.
ईडी द्वारा सेना के कब्जे वाली बरियातू की 4.55 एकड़ जमीन व रांची के सदर थाना क्षेत्र में चेशायर होम रोड की एक एकड़ जमीन की खरीद-बिक्री मामले में भी पूछताछ किया है. सीएम के प्रेस सलाहकार के आप्त सचिव उदय शंकर के डोरंडा स्थित आवास पर ईडी ने की कई घंटों तक छापेमारी इधर ईडी ने मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू के आप्त सचिव उदय शंकर के डोरंडा स्थित आवास पर कई घंटों तक छापेमारी की.
इस छापेमारी के दौरान ईडी ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किया है और उदयशंकर के मोबाइल को भी जब्त किया गया है. इसके बाद उदय शंकर को ईडी कार्यालय भी लाया गया.
बताया गया कि ईडी कार्यालय में उनके सामने मोबाइल का डाटा निकाला जाएगा. डाटा निकालने के बाद उदय शंकर को छोड़ दिया जाएगा. मोबाइल के डाटा से कई और अहम जानकारियां ईडी को मिल सकती है.

