
उदित वाणी जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना अंतर्गत देवनगर पीपल स्कूल के पीछे रहने वाले शेखर सैंडिल (32) की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार रात लगभग 12:30 बजे की बताई जा रही है। शेखर की बहन सरस्वती दास ने बताया कि जब वह रात को घर लौटी, तो उसने घर के बाहर अपने भाई को लहूलुहान हालत में गिरा हुआ पाया। उसके शरीर से काफी खून बह चुका था और वह बेहोश था। तत्काल पड़ोसियों की मदद से इसकी सूचना सीतारामडेरा थाना को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शेखर को तुरंत एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर चोट की वजह से इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार शेखर को नजदीक से गोली मारी गई थी।
शेखर नया कोर्ट के पास एक निजी पार्किंग में काम करता था और रोजाना देर रात घर लौटता था। बहन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शेखर का स्थानीय युवक राहुल सिंह और उसके साथी डब्लू (देवनगर निवासी) से पुराना विवाद चल रहा था। सरस्वती ने आशंका जताई कि इसी विवाद के कारण दोनों ने मिलकर शेखर की हत्या की साजिश रची होगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार राहुल सिंह देवनगर में अवैध दारू भट्टी चलाता है, जिसके कारण इलाके में अक्सर तनाव रहता है। शेखर और राहुल के बीच कई बार तीखी बहस हो चुकी थी। परिवार का कहना है कि विवाद बढ़ने पर राहुल ने पहले भी शेखर को धमकी दी थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्त में लिया जाएगा।

